शारदा सहायक खंड 36 पेसारा रजवाहा नहर में पानी नहीं आने से नाराज अमिलिया गांव के किसानों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। किसानों ने जल्द नहर में पानी छोड़ने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि नहर में पानी नहीं आने से केराकत व डोभी ब्लॉक के 25 गांवों के लोगों के खेतों में फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इसके चलते सेनापुर, पनिहर, अमिलिया, मुर्खा, कुसुम्हीं, जरासी , लोहराखोर, तरांव आदि गांवों के किसान धान की रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में कान्ता राम, राम पलट राम, प्रभू राम, कमलेश राम, अजय कुमार गौतम, नीरज कुमार, कंचन कुमार, बिलकेश कुमार, अभिषेक कुमार एवं कुलदीप आदि मौजूद रहे।