शाहगंज--पेड से टकराकर झोपडी मे जा घुसा ट्रक। संवाद
शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़ मार्ग स्थित अस्पताल के समीप शनिवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराया, इसके बाद सड़क किनारे बनी झोपड़ी में जा घुसा। झुग्गी में सो रहे दंपती ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
नगर से सटे नटौली गांव निवासी संजय (40) पत्नी सिंधू (35) के साथ आजमगढ़ मार्ग पर स्थित अस्पताल के पास सड़क किनारे झुग्गी में रहता था। रोज की तरह शुक्रवार रात दोनों भोजन के बाद झोपड़ी में सो गए। शनिवार सुबह चार बजे आजमगढ़ से आ रहे ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पेड़ से टकराकर झोपड़ी में घुस गया, पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक किरण कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।