जौनपुर। जिले में शुक्रवार को अलर्ट रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की गाडि़यां दौड़ती नजर आईं। वहीं, संवेदनशील इलाके की मस्जिदों की निगरानी ड्रोन से कराई गई।
शहर के सभी तिराहे-चौराहे पर सुबह से ही एक-दो एसआई के अलावा सिपाहियों की ड्यूटी लगा दी गई थी। देखने में लग रहा था कि शहर में कोई वीआईपी आने वाला है। इसके इंतजार में पुलिस की ड्यूटी चप्पे-चप्पे पर लगाई गई थी। हालांकि ऐसा नहीं था, दोपहर में जुमा की नमाज के समय पुलिस और अधिकारियों की गाडि़यां मस्जिद के आसपास इलाकों में भ्रमण करती नजर आई। बड़ी मस्जिद और अटाला मस्जिद की निगरानी ड्रोन से कराई गई। खेतासराय शाही जामा मस्जिद, हरी मस्जिद, गोलाबाजार तथा हलीमी मस्जिद के बाहर फोर्स तैनात रही। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह पुलिस के फोर्स के साथ गश्त करते रहे। सिंगरामऊ क्षेत्र में शुक्रवार को जुमा की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। क्षेत्र की मस्जिदों में जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई रतासी, बहरीपुर, लालगंज, सिंगरामऊ मस्जिदों पर पुलिस की तैनाती की गई थी। नमाज के बाद मुस्लिम भाइयों ने देश में अमन चैन की दुआ मांगी। थाना अध्यक्ष कमलेश कनौजिया पुलिस बल के साथ भ्रमण करते रहे। इसी तरह शाहगंज, मछलीशहर, मडि़याहूं, केराकत समेत जनपद के सभी इलाकों में व्यवस्था देखी गई।