जौनपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 23 जनवरी को आयोजित की जाएगी। दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में 41 हजार 996 परीक्षार्थी शामिल होने हैं। परीक्षा को लेकर सरकार सख्त हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले ही अभ्यर्थी को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद ही परीक्षा हाल में प्रवेश रोक दी जाएगी।
इतना ही नहीं, परीक्षार्थियों को अपने प्रवेश पत्र की 5-6 फोटो स्टेट कापी कराकर साथ ले जाना अनिवार्य किया गया है। वहीं, इसे लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारी शुरू कर दी गई है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए 20 जनवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई है। टीईटी परीक्षा 30 नवंबर को आयोजित की गई थी। लेकिन पेपर आउट हो जाने के कारण परीक्षा रद कर दी गई थी। सरकार ने इसे लेकर व्यापक पैमाने पर कार्रवाई की थी। एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने पंवारा, बरसठी और मडि़याहूं इलाके से कल 8 लोगों को इसी मामले में पकड़ी थी। हालांकि इस बार परीक्षा नये सिरे से कराई जा रही है। इसके लिए परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र जारी कर दिया गया है। पिछली बार का सेंटर भी बदल गया है। इस बार परीक्षार्थियों को मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। साथ ही कोविड के नियमों का पालन करना होगा। उन्हें अपने साथ फोटोयुक्त प्रवेश पत्र, बीएड अथवा बीटीसी के किसी एक सत्र के अंकपत्र की मूल प्रति अथवा फोटोस्टेट प्रति जो डायट के प्राचार्य से प्रमाणित होनी चाहिए। साथ परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से 12.30 तक और दूसरी पाली में 2.30 से पांच बजे तक कराई जाएगी। पहली पाली में 41996 और दूसरी पाली में 28146 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा 68 केंद्रों पर और दूसरी पाली की परीक्षा 44 केंद्रों पर कराई जाएगी। पहली पाली में प्राथमिक स्तर और दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। हर परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक के अलावा, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।