जफराबाद। नगर पंचायत में बीते आठ माह से बोर्ड बैठक नहीं बुलाई गई। आरोप है कि बिना सभासदों के प्रस्ताव के ही लाखों रुपये का कार्य कराया गया और भुगतान भी कर दिया गया। सभासदों ने सोमवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है।
आरोप लगाया गया कि नगर पंचायत में आपराधिक किस्म के कुछ कर्मचारियों को नियुक्त की गई है, जो कोई कम नहीं करते। कार्यालय में बैठकर सभासदों के साथ बदसलूकी करते हैं। रजिस्टर पर हस्ताक्षर बनाकर भुगतान ले रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को चिन्हित कर नगर पंचायत से बाहर करने की मांग की। ताड़तला मोहल्ले में स्टेट बैंक से बाईपास लिंक मार्ग में हुए भ्रष्टाचार की जांच की मांग की। इसके अलावा मोहल्ला काजी अहमद नूर में बिना जरूरत के ही नए नाली पर पुनः निर्माण कराकर हुए भुगतान की जांच कराने, मोहल्ला हिसार कोर्ट में घटिया इंटरलॉकिंग तथा नाली निर्माण की जांच, स्थाई अधिशासी अधिकारी नियुक्त करने की मांग की।
डीएम से शिकायत करने वाले सभासद विनोद प्रजापति, दिलशाद खान, परवेज कुरैशी, सादिका बानो, शमा परवीन, सुलाबी देवी शामिल रहीं। नगर पंचायत अध्यक्ष उम्मे रहिला ने बताया कि पूर्व प्रस्तावित कार्य है, उसे कराया गया है और आवश्यक कार्य कोटेशन के माध्यम से कराया जाता है।