जौनपुर। एमएलसी पद के लिए मतदान में जनपद के जनप्रतिनिधियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। लेकिन, बसपा से जौनपुर सांसद श्याम सिंह यादव समेत 69 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। इस सीट पर पिछली बार बसपा का ही कब्जा था, लेकिन बसपा ने इस बार इस सीट से अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था। हालांकि सांसद का कहना था कि फ्लाइट लेट होने के कारण मैं मतदान से वंचित रह गया, जिसका मुझे बहुत अफसोस है।
जनपद में एमएलसी के चुनाव के लिए 4031 मतदाताओं को वोट करना था। इसमें 1739 प्रधान, 2022 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 83 जिला पंचायत सदस्य, 90 नगर परिषद सदस्य, 83 नगर पंचायत सदस्य, 2 लोकसभा सदस्य, 9 विधानसभा सदस्य, दो विधान परिषद सदस्य मतदाता करना था। इसके लिए 22 स्थानों पर मतदान केंद्र बनाया गया था। कलेक्ट्रेट में बने मतदान केंद्र पर खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री व सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्धिवेदी, विधान परिषद सदस्य विद्या सागर सोनकर, मल्हनी विधायक लकी यादव, केराकत विधायक तूफानी सरोज, जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष माया टंडन, मुंगराबादशाहपुर में बीपी सरोज, मुंगराबादशाहपुर पंकज पटेल, कलेक्ट्रेट में डा. रागिनी सोनकर, शाहगंज में विधायक रमेश सिंह, बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा, मडि़याहूं में डा. आरके पटेल ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, सांसद जौनपुर समेत 69 मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। इसमें दो मतदाता जिला कारागार में किसी मामले में बंद हैं।