डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने चार आरओबी सहित 9 पुल और 14 सड़कों के निर्माण घोषणा की है। इनमें तीन आरओबी ऐसे हैं, जिनकी स्वीकृति पहले हो चुकी है। लेकिन, विभिन्न कारणों से अधर में लटके पड़े थे। हालांकि अब डिप्टी सीएम की घोषणा से लोगों की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गईं हैं।
पॉलिटेक्निक चौराहे-मीरजापुर मार्ग पर सिटी स्टेशन के पास एक आरओबी का निर्माण कराया गया। इस आरओबी के निर्माण के दौरान ही तत्कालीन सपा सरकार में जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सीहीपुर में एक और आरओबी के निर्माण की स्वीकृति मिली थी। लेकिन, किन्हीं कारणों से राज्यांश नहीं मिल पा रहा था, जिसके यह आरओबी लटक गया था। वहीं, जौनपुर-जफराबाद मार्ग पर जगदीशपुर रेलवे फाटक पर एक आरओबी की स्वीकृति मिली थी। लेकिन, लखनऊ-वाराणसी के चौड़ीकरण के दौरान बनाए गए बाइपास से यह परियोजना अधर में लटक गई। दूसरी ओर साल 2015 में जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर भी मुंगराबादशाहपुर में एक आरओबी रेल बजट में भी स्वीकृत हुआ था। लेकिन, किन्हीं कारणों से राज्यांश न मिल पाने के कारण परियोजना अधर में लटक गई। इसी तरह डिप्टी सीएम ने बदलापुर-प्रयागराज मार्ग स्थित श्रीकृष्ण नगर रेलवे क्रासिंग पर एक आरओबी बनाने की भी घोषणा की है। जिसकी स्वीकृति तो हो गई थी, लेकिन शासन स्तर पर ही फाइल लटकी थी। इसके कारण इन मार्गों से होकर आने-जाने वाले लोगों का काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि दिनभर में कई बार इन स्थानों पर जाम लगता है। फिलहाल उपमुख्यमंत्री के एलान के बाद ओवरब्रिज निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस घोषणा से क्षेत्र के लोगों में विशेष प्रसन्नता है।
....
इन तीन स्थानों पर बनेगा पुल
जौनपुर। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र की मांग पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सई नदी पर बोझनाथ और कारोबीर घाट पर एक-एक पुल और पीली नदी पर डेहुणा में एक पुल की घोषणा की है।