सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के केवटली कला गांव स्थित रेलवे ट्रैक पर जान देने की नियत से मंगलवार को लेटी युवती की जान ट्रेन चालक की सूझ बूझ से बच गई।
जफराबाद-सुल्तानपुर रेल प्रखंड पर केवटली कला गांव के पास एक युवती जान देने की नियत से ट्रेन को आती देखकर रेल की पटरी पर लेट गई। ठीक उसी समय वाराणसी से लखनऊ की तरफ जा रही फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन के चालक ने युवती को रेल की पटरी पर लेटा हुआ देख लिया। चालक ने ट्रेन की स्पीड को कम करते हुए सावधानी पूर्वक रोक दिया, जिससे युवती की जान बच गई। ट्रेन चालक मौके पर पहुँचकर उक्त युवती को पकड़कर केवटली रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन के हवाले कर दिया। इसके चलते ट्रेन 15 मिनट तक खड़ी रही। गेट मैन की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस उसे युवती को थाने लाई, जहां उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया।