जौनपुर के टीडी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में लिंगदोह कमेटी की संस्तुतियों जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। शहर पोस्टर और बैनर से पाट दिया गया था और जुलूस भी निकाले जाते रहे। कॉलेज प्रशासन ने किसी प्रत्याशी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
मतदान के दिन साईंनाथ मंदिर से थोड़ा आगे अनुपम कालोनी में सुबह से प्रत्याशियों का जमावड़ा रहा। सड़क के दोनों ओर खड़े होकर प्रत्याशी वोट देने जा रहे छात्रों को हैंड बिल पकड़ाकर वोट मांगते रहे।
मुख्य गेट पर पहचान पत्र चेककर भीतर जाने दिया जा रहा था। छात्रों की इतनी भीड़ उमड़ गई कि व्यवस्था पुलिस के नियंत्रण से बाहर होने लगी। इस कालेज गेट से करीब डेढ सौ मीटर बाहर तक लंबी छात्रों की कतार लग गई थी।
चुनाव के दौरान कई बार सुरक्षाकर्मियों से छात्रों की झड़प हुई और पुलिस ने लाठी भांज कर उन्हें खदेड़ा। कुल 200 फर्जी पहचान पत्र भी पकड़े गए। कॉलेज में हुए छात्रसंघ चुनाव में हंगामा होता ही रहा। जिसके चलते आखिर में चुनाव को निरस्त ही कर दिया गया।