जौनपुर। ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत नगर विकास राज्य मंत्री गिरीश चंद यादव ने शुक्रवार की रात तूतीपुर सेक्टर तालतला मुफ्ती मोहल्ला में चौपाल कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का हाल जाना। अधिकारियों को शिविर लगाकर एक सप्ताह में समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया।
गिरीश चंद यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राशन वितरण, विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री बीमा योजना, प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा योजना, मिशन इंद्रधनुष योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पेंशन, शादी अनुदान आदि जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया गया है। योजनाओं का लाभ पात्रों को मिल सके इसके लिए सरकार चौपाल के जरिए समीक्षा भी करवा रही है। ऊषा देवी, कुमारी, सोनी, कमला देवी, मुरैना ने बताया कि नि:शुल्क गैस कनेक्शन तो प्राप्त हुआ है परंतु 800 और 1650 रुपये देने के बाद भी सब्सिडी उन्हें प्राप्त नहीं हो रही है। आपूर्ति निरीक्षक को फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर कैंप लगाकर समस्या निस्तारण का निर्देश दिया। कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ लोगों को मिले। इस अवसर पर डीडीओ दयाराम व अन्य अधिकारियों सहित श्याम नारायण अग्रवाल, अजय सिंह, आलोक सेठ, रामजी सोनी, विष्णु सेठ, रामदीन, कपिल देव बिंद, आशीष गुप्ता, कल्बे हसन, इमरान आदि उपस्थित रहे।