मछलीशहर। सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए उपजिलाधिकारी द्वारा लिए गए पत्र को गंभीरता से लेते हुए जंघई मार्ग का चौड़ीकरण कार्य आरंभ कर दिया गया है। यह कार्य दो चरणों में पूरा करने की योजना है। जंघई बाजार स्थित यूबीआई शाखा तक निर्माण कार्य करने की योजना है। इस बात का खुलासा करते हुए उपजिलाधिकारी जगदंबा सिंह ने कहा कि लगातार सड़क दुर्घटना में हो रही मौत को लेकर डीएम से वार्ता हुई।
शहीद राजेश बिन्द के घर से लौटते समय मार्ग की स्थिति का अवलोकन करने के बाद जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को इस मार्ग का चौड़ीकरण कार्य तत्काल करने का आदेश दिया है। प्रथम चरण में तीन किमी सड़क दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर पटरी चौड़ी की जाएगी। इसके बाद आगे का कार्य पूरा करने के लिए बजट की व्यवस्था की जा रही है। एसडीएम ने अपने पत्र में सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण ही दुर्घटना घटने का जिक्र करते हुए मार्ग के चौड़ीकरण का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि बिना पूरे मार्ग का चौड़ीकरण हुए दुर्घटना पर रोक नहीं लग सकती हैं। गौरतलब है कि उक्त मार्ग पर अब तक वाहनों की चपेट में आने से कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है।