जौनपुर। थानों पर आयोजित होने वाले समाधान दिवस पर शिकायत करने ज्यादा लोग जा ही नहीं रहे हैं। अधिकांश थानों में शिकायतकर्ताओं की संख्या 10 से कम ही रही और समाधान भी दो या तीन लोगों को ही मिला। कई थानों पर तो फरियादियों की संख्या महज दो रही।
उप जिलाधिकारी मोतीलाल यादव की अध्यक्षता में मड़ियाहूं कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस आठ फरियादी आए, जिसमें दो को समाधान मिला। तहसीलदार बदलापुर चंद्र शेखर यादव ने सिंगरामऊ तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस में आठ ही लोग अपनी शिकायत लेकर आए और समाधान यहां भी दो ही लोगों को मिला। प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार राय आदि अधिकारी उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी जगदंबा सिंह ने पवांरा थाने में समस्या सुनी, जहां दो ही लोग फरियाद करने आ। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के यहां मछलीशहर कोतवाली में भी दो ही शिकायतें आईं, जिनका मौके पर समाधान कर दिया गया। एसडीएम मड़ियाहूं त्रिभुवन यादव ने नेवढ़िया व रामपुर थाने समस्याएं सुनीं। नेवढ़िया 11 और रामपुर में 25 शिकायतें आईं। उनमें से आठ का निस्तारण किया गया। सुरेरी थाने में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के पास चार लोग शिकायत लेकर आए और एक को समाधान मिला। मीरगंज थानाध्यक्ष पन्नेलाल के यहां 10 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें पांच का निस्तारण किया गया। बदलापुर प्रभारी निरीक्षक के सामने दो शिकायतें आईं, एक का समाधान हुआ। उप जिलाधिकारी जेएन सचान ने शाहगंज कोतवाली में समस्याएं सुनी। पांच लोग शिकायत करने आए और दो की समस्या का उन्होंने समाधान किया। क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, कोतवाल प्रशांत कुमार श्रीवास्तव मौैजूद रहे।