जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राजेंद्र सिंह ने अलग-अलग मामलों में जेल में बंद दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। जबकि सात शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। दो शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीएसए ने बताया कि केराकत विकास खंड के पीठापुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक अरुण कुमार सरोज और खुटहन ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय नदौली में तैनात सहायक अध्यापक श्रवण कुमार यादव अलग-अलग मामलों में जिला कारागार में बंद हैं। दोनों विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों की रिपोर्ट पर दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। सिरकोनी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय मदारपुर में निरीक्षण के दौरान शिक्षक निरूपमा सिंह, सुमन सिंह, जूनियर हाईस्कूल खलीलपुर में मीना श्रीवास्तव, अनुपमा सिंह, उर्मिला सिंह और राजदुलारी देवी जांच में अनुपस्थित मिलीं। प्राथमिक विद्यालय माधोपट्टी में चारू लता सिंह ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं। अनुपस्थित मिले सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश बीएसए ने दिया है। बीएसए ने बताया कि नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लाइन बाजार की जांच जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता आशीष श्रीवास्तव की जांच रिपोर्ट पर प्रधानाध्यापक शिवानी सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है।