जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हुई बैठक में हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा हुई। 11 से 17 अगस्त तक समस्त कार्यालय, दुकान, प्रतिष्ठान और जनपद के विभिन्न स्थानों पर शासन की मंशा के अनुरूप तिरंगा झंडा फहराना है।
बैठक में उपस्थित समस्त एनजीओ, व्यापार संघ के सदस्य सहित समस्त जनपदवासियों से आग्रह किया कि स्वयं के स्वैच्छिक अनुदान से हर घर तिरंगा कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करें। जिला विकास अधिकारी बीबी सिंह और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्त एनजीओ ऑर्गेनाइजेशन से कार्ययोजना प्राप्त कर लें। इससे समय से शासन के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्त ग्राम पंचायत में तिरंगा झंडे को लगाने की समस्त तैयारी समय से पूर्ण कर लें। सभी से अपील की गई कि हर घर तिरंगा कार्यालय में स्वैच्छिक भूमिका निभाएं और इस पावन कार्य में भागीदारी सुनिश्चित करें। मौके पर एडीएम भू-राजस्व रजनीश राय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, डीडीओ बीबी सिंह, जिला पंचायत अधिकारी संतोष कुमार, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, नगरपालिका अध्यक्ष माया टंडन उपस्थित रहीं।