उरई। शादी समारोह में गए युवक की बाइक में पीछे से बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज से कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सुशील नगर निवासी मनीष उर्फ गुड्डू (26) रविवार को बाइक से दोस्त अंकित के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने जालौन कोतवाली क्षेत्र के गुलाबपुरा गया था। शाम को शौच के लिए वह गांव के बाहर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए बाइक चालक ने उसकी बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी मिलने पर रिश्तेदारों ने उसे मेडिकल काॅलेज पहुंचाया। वहां से कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह प्रयागराज में रहकर पानी पूरी का धंधा करता था। उसकी चार वर्ष पहले शादी हुई थी। उसकी मौत से पत्नी पूजा सहित अन्य परिजनों बेहाल हैं। कोतवाल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने वाले बाइक चालक का पता लगाया जा रहा है।