क्षेत्र के गुलौली गांव में प्रदेश स्तरीय दंगल में मथुरा के पहनवान विश्वजीत और गोरखपुर के अब्दुस पहलवान के बीच कुश्ती हुई। इस शानदार मुकाबले में विश्वजीत ने धोबी पछाड़ दांव से अब्दुस को चित्त कर दिया।
अंतरराज्यीय दंगल का आयोजन गुलौली गांव के पूर्व प्रधान हातिम बेग, पोला बेग, जमतुर बेग और वर्तमान प्रधान लल्लू बेग सहित गांव के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।
दंगल का उद्घाटन कालपी क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सरसेला एवं हाथ कागज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी ने फीता काट कर किया। अतिथियों ने पहलवानों का हाथ मिलाकर परिचय किया।
दंगल में प्रमुख कुश्ती बिंदकी के मोनू व हरियाणा के हरेंद्र सिंह, भिंड के राधेश्याम और इटावा के अजय पाल, जालौन के अतुल, अलीगढ़ के बंटी, आगरा के राहुल व हरियाणा से अजय के बीच हुई।
दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय दंगल में लगभग 50 कुश्तियां हुईं। इसमें सबसे मंहगी कुश्ती पांच हजार की रही। दंगल में कानपुर, फतेहपुर, आगरा, कुरारा, हमीरपुर, महोबा, हरियाणा, जालौन, बराबंकी सहित कई जनपदों के जांबाज पहलवानों ने कुश्ती में शानदार प्रदर्शन किया।