आटा। थाना क्षेत्र के भदरेखी गांव में झिझिया नृत्य कर रहीं महिलाओं के साथ अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार रात आटा थाने के उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव महिला आरक्षी सोनी देवी और निकिता सिंह के साथ मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान के तहत गांव में मौजूद थे। इसी दौरान मोहल्ले में महिलाएं और युवतियां पारंपरिक झिझिया नृत्य कर रही थीं। आरोप है कि गांव का शानू वहां पहुंचा और महिलाओं के साथ नाचने लगा। महिलाओं ने उसे जाने के लिए कहा तो वह अभद्रता करने लगा।
मौके पर मौजूद एक युवती ने पुलिस टीम को सूचना दी। इस पर सक्रिय हुई एंटी रोमियो टीम ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ छेड़छाड़, महिलाओं का अपमान और शांतिभंग से संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।