सिरसाकलार। थाना क्षेत्र के जखा गांव के पास शनिवार को बाइक से घर लौट रही महिला ट्रैक्टर-ट्राॅली के पहिये के नीचे आ गई। इससे उसका पैर कट गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर महिला को मेडिकल कॉलेज भिजवाया है।
थाना क्षेत्र के छोटी मड़ैया निवासी पप्पू सविता की पत्नी मंजू देवी (43) दिल्ली में रहकर मजदूरी करती हैं। दो दिन पहले उरई में आयोजित त्रियोदशी में शामिल होने वह आईं थीं। शनिवार को बाइक से रिश्तेदार रौनक के वह घर आ रही थीं। जैसे ही बाइक जखा गांव के पास पहुंचीं तो आगे जा रहे ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को ओवरटेक करने में महिला गिर गई। इससे उसका पैर ट्रैक्टर-ट्राॅली के पहिए के नीचे आ गया। पैर कटने से घायल हो गईं। पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी पीके सिंह का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है।