फोटो - 06 जानकारी देते सांसद नारायण दास अहिरवार। संवाद
- फोटो : Police
उरई। जालौन-गरौठा-भोगनीपुर सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र के सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा है कि उरई से दिल्ली तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस मार्ग पर सीधी ट्रेन नहीं चलाई गई तो वह बुंदेलखंड और कानपुर देहात क्षेत्र के अन्य सांसदों के साथ आगामी संसदीय सत्र के दौरान संसद परिसर में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
गुरुवार को उरई स्थित अपने संसदीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि वह पिछले दो वर्षों से रेल मंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से कई बार इस संबंध में मुलाकात कर चुके हैं। रेलवे समिति के सदस्य होने के नाते उन्होंने समिति की बैठकों में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। उनका कहना था कि उरई से दिल्ली सीधी ट्रेन शुरू होने पर जालौन, हमीरपुर, कानपुर देहात और झांसी जनपद के हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा तथा रेलवे को भी अच्छा राजस्व प्राप्त होगा।
सांसद ने सांसद निधि की राशि को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सांसद निधि के रूप में मिलने वाले पांच करोड़ रुपये में से जीएसटी कटने के बाद केवल चार करोड़ रुपये ही उपलब्ध हो पाते हैं। उनके संसदीय क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र और 1200 से अधिक गांव शामिल हैं। ऐसे में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में बहुत कम धनराशि आती है, जिससे विकास कार्यों को गति देना कठिन हो जाता है। उन्होंने सांसद निधि में बढ़ोतरी की मांग भी की।