पिरौना में खेत में खड़ी फसल में लगी आग।
- फोटो : ORAI
एट। खेत में कटी रखी गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हवा तेज चलने पर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चौकी प्रभारी की सूचना पर पहुंचीं दमकलों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसान बोला, एक दिन बाद गेहूं को थ्रेसर से कटवाकर घर ले जाने की व्यवस्था कर रहा था।
एट थाना क्षेत्र के पिरौना निवासी अरविंद कुमार पुत्र गणेश राठौर की लगभग सात बीघा गेहूं की फसल काटकर खेत में रखी थी। सोमवार की देर रात अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आस पास काम कर रहे किसानों और मजदूरों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन हवा तेज होने के कारण आग पर काबू नहीं पा सके।
सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज शीलवंत सिंह ने दमकल बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक गेहूं की रखी हुई फसल पूरी तरह से राख हो चुकी थी। किसान अरविंद कुमार का कहना है कि गेहूं की फसल जलने से काफी नुकसान हुआ है। वहीं लेखपाल ने रिपोर्ट बनाकर जिला प्रशासन भेजने की बात कही है।