एट। क्षेत्र के पिरौना से पिंडारी मार्ग पर सिंचाई विभाग की ओर से बंबा पर पुलिया निर्माण का भूमि पूजन का शुभारंभ सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने फीता काटकर किया। साथ ही दो किमी. की सड़क बनाने की बात भी कही। पुलिया व सड़क की सौगात मिलने की खुशी से ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसान हितों का पूरा ध्यान रख रही है।
बताते चलें कि पिछले काफी समय से ग्रामीणों की मांग थी कि पिरौना से पिंडारी जाने वाले मार्ग के समीप बंबा पर पुलिया का निर्माण किया जाए। इसके लिए ग्रामीणों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी गुहार की थी। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण होने से आने जाने की दूरी कम हो जाएगी। यातायात के साधनों में भी इजाफा होगा। यह पुलिया नेशनल हाईवे से गांव के अलावा जागेश्वर जाने वाले मार्ग के पिरौना माइनर पर है। भूमि पूजन के बाद विधायक ने कहा कि पुलिया के निर्माण के साथ साथ दो किलोमीटर की सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। इसकी मंजूरी भी मिल चुकी हैं। जल्द ही सड़क शुरू हो जाएगा। इस मौके पर गुरु प्रसाद शर्मा जी, धीरेंद्र कुशवाहा, रामरूप परिहार, मंडल उपाध्यक्ष हरीश्चंद्र सिरोठिया आदि मौजूद रहे।