एट (जालौन)। एट नगर पंचायत बनने के बाद कस्बे को 12 वार्ड में बांटा गया है। खास बात यह है कि इन वार्डों का नामकरण महापुरुषों और प्रसिद्ध व्यक्तियों के नाम पर किया गया है। साथ ही प्रशासन के निर्देश पर पिछड़ा वर्ग की आबादी का रैपिड सर्वे भी शुरू करा दिया गया है। ताकि आने वाले में समय में जनगणना के हिसाब से चुनाव में किसी भी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
एट नगर पंचायत बनने के बाद शासन ने चुनाव कराने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी थी। सबसे पहले नगर पंचायत को 12 हिस्सों में बांटकर वार्ड बनाए गए हैं। वार्डों के परिसीमन को अंतिम रूप देने के बाद उनके नामों की भी घोषणा कर दी गई है। इसमें सभी महापुरुषों एवं राजनेताओं के नाम से एट नगर पंचायत के वार्डों के नाम अंकित किए गए हैं। रैपिड सर्वे भी शुरू करा दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में शासन को भेजनी है।
नगर पंचायत के ईओ प्रद्युम्न कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर चुनाव के मद्देनजर पिछड़े वर्ग की आबादी की गणना के लिए रैपिड सर्वे 2011 की जनसंख्या के आधार पर किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं। ये सर्वे करके रिपोर्ट कार्यालय में जमा करेंगे।
---------------
नव सृजित नगर पंचायत एट के वार्ड
आंबेडकर नगर, रानी लक्ष्मीबाई नगर, झलकारी बाई नगर, गांधीनगर, हनुमानगढ़ी नगर, पंडित दीनदयाल नगर, भगत सिंह नगर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम नगर, अटल नगर, सरदार वल्लभ भाई पटेल नगर, सुभाष नगर, महाराणा प्रतापनगर