रामपुरा। क्षेत्र पंचायत बोर्ड की बैठक शुक्रवार को विकासखंड रामपुरा में विधायक मूलचंद निरंजन की अध्यक्षता में हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए कार्ययोजनाओं पर प्रस्ताव पर चर्चा की गई। प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने गांव में कच्चे और पक्के कामों के प्रस्ताव दिए।
बैठक में रामपुरा ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने कहा कि सभी ग्राम पंचायत क्षेत्र के बीडीसी सदस्यों से विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे हैं। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों से नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्र में विकास करने की बात कही। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को देने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन कर रहे बीडीओ ओमप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि रामपुरा विकासखंड के अंतर्गत 44 ग्राम पंचायतें आती है। सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को कार्य योजनाओं का प्रस्ताव भेजना अनिवार्य है। ताकि विकास की सही रूपरेखा तैयार की जा सके। इसके लिए ब्लाक क्षेत्र में कमेटी बनाकर विकास कार्यों को कराया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र सिंह समेत क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रधान मौजूद रहे।