उरई। बीमार महिला की इलाज के दौरान मेडिकल कालेज में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतका के परिजनों को जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर में रहने वाली देवंती (30) की तबीयत खराब होने पर सोमवार को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती हो गई। जहां उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर महिला के परिजन उरई पहुंचे। पिता भास्करन ने पुलिस को बताया कि उसने देवंती की शादी चमेड़ कोंच निवासी देशराज से की थी। शादी के बाद वर्ष 2017 में एक हादसे में पति की पानी में डूबकर मौत हो गई थी। इसके बाद ससुराल वालों ने देवंती को बच्चों समेत निकाल दिया था। इसके बाद वह भुआ में कुछ समय रही। पिछले कुछ वर्षों से वह बच्चों समेत उरई के मोहल्ला शांतिनगर में रहने लगी थी। देवंती की मौत से पुत्रियां सुहाना, सोनम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह मजदूरी कर अपना भरण पोषण करती थी। परिजनों का कहना है कि महिला का मौत की सूचना उसके ससुराल वालों को देने पर भी वह नहीं पहुंचे। उसकी मौत के बाद से दो बच्चियों के पालन पोषण का संकट खड़ा हो गया है।