उरई। बगिया के पेड़ पर फांसी पर लटके मिले युवक के शव की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है। शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक किसान था। परिजन उसके फांसी लगाने की पुलिस को कोई वजह नहीं बता पा रहे है।
रेढ़र थाना क्षेत्र के रुरा सिरसा मार्ग पर स्थित रामबाबू कुशवाहा की बगिया में लगे पेड़ पर शुक्रवार की शाम तौलिया से युवक का शव लटका मिला था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने शव को उतारकर जांच पड़ताल की पर शिनाख्त नहीं हो सकी। शनिवार की सुबह परिजनों ने पहुंचकर उसकी पहचान वीर बहादुर (38) निवासी रुरा सिरसा के रूप में की। छोटे भाई दिलीप ने बताया कि वीर बहादुर खेती करता था और इस समय हार्वेस्टर पर रहकर मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार की सुबह वह घर से खेत में जाने के लिए निकला था पर देर शाम उसका शव फांसी पर लटका मिला। दो भाई दो बहनों में बड़ा था। नौ वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। पांच वर्ष पहले पत्नी छोड़कर चली गई थी। मां गिरजादेवी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।