उरई। जिले वासियों के लिए एक अच्छी खबर है। कायाकल्प अवार्ड योजना के लिए चालू वित्तीय वर्ष में जिले के 27 स्वास्थ्य केंद्रों ने पहले चरण में सफलता हासिल की है। इसमें 14 पीएचसी, एक नगरीय पीएचसी और 12 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शामिल है। ऐसा पहली बार हुआ है कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को भी कायाकल्प अवार्ड योजना में शामिल किया गया है। सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि अब दूसरे व अंतिम चरण का मूल्यांकन (एक्सटर्नल असेसमेंट) शुरू हो गया है। इसमें सफल होने वाले स्वास्थ्य केंद्रों को पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
जनपदीय परामर्शदाता क्वालिटी एंश्योरेंस डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि पीएचसी ऐर, आटा, ईटों, गोहन, गोवर्धनपुरा, सरावन, शेखपुर बुजुर्ग, उरगांव, पीएचसी भेड़, डकोर, कुठौंद, पिंडारी, रामपुरा, नगरीय पीएचसी बघौरा ने पहले चरण में 70 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए है। इसी प्रकार सब सेंटर (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) मिनौरा, खर्रा, मड़ोरा, छौंक, इटौरा, तीतरा, क्योलारी, धंजा, चमारी, जगनपुरा, महेशपुरा, खकसीस ने सफलता हासिल की है। अब इनका दूसरे और अंतिम चरण का मूल्यांकन शुरू हो गया है। इसके लिए राज्य स्तर पर टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत निर्धारित सात मानक बिंदुओं पर टीम जांच करती है। उन्हीं के आधार पर अंकों का निर्धारण होता है। इसमें 70 फीसदी से अधिक अंक मिलने के बाद स्वास्थ्य केंद्र का चयन अगले चरण के लिए हो जाता है।
------------------
पहला स्थान आने पर दो लाख का पुरस्कार
जिला स्तर पर जो पीएचसी पहले स्थान पर आएगा, उसे दो लाख रुपये मिलेंगे। जबकि 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर पीएचसी को 50 हजार रुपये की सांत्वना राशि दी जाएगी। इसी तरह जिला स्तर पर पहले स्थान पर आने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को एक लाख रुपये तथा दूसरे स्थान पर आने वाले को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले को 35 हजार रुपये दिए जाएंगे। 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर सभी को 25-25 रुपये दिए जाएंगे।