उरई। कालपी क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों को शनिवार को परमार्थ समाजसेवी संस्थान ने हिंदुस्तान यूनीलीवर के सहयोग से सूखा राशन का वितरण किया।
डीएम प्रियंका निरंजन ने रामपुरा में बाढ़ पीड़ितों को परमार्थ द्वारा निशुल्क वितरित की जा रही राशन सामग्री पर बधाई दी। एक माह की राशन सामग्री के वितरण से उत्साहित होकर उन्होंने संस्था से आग्रह किया था कि उसके द्वारा कालपी नगर और महेबा ब्लाक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के परिवारों की भोजन व्यवस्था की भी चिंता की जाए। इस पर परमार्थ संस्था ने हिंदुस्तान यूनीलीवर के सहयोग से कालपी के एमएसवी इंटर कालेज में 115 परिवारों को सूखा राशन सामग्री प्रदान की। इसके अंतर्गत प्रत्येक थैले में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर की दाल, 1 किलो नमक, 1 किलो रिफाइंड, हल्दी, धनिया और मिर्च के अलावा 5 किलो लईया, 2 किलो चना, 1 किलो गुड़ और नहाने व कपड़ा धोने के साबुन व 10 पैकिट पारले बिस्कुट शामिल थे। परमार्थ के निदेशक अनिल सिंह ने कहा कि उनकी संस्था गृहविहीन हुए बाढ़ पीड़ितों को फिर से आबाद कराने में भी सहयोग करेगी। हिंदुस्तान यूनीलीवर के एचआर एग्जीक्यूटिव शिवम शुक्ला, कुनाल श्रीवास्तव, तहसीलदार बलराम गुप्ता, नायब तहसीलदार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
----------------------
बीडीसी सदस्यों का किया सम्मान
माधौगढ़। शंकर वाटिका पैलेस के सभागार में सपा एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने ब्लाक रामपुरा, माधौगढ़ के 24 बीडीसी सदस्यों का शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया। एमएलसी प्रतिनिधि ने कहा कि सपा में सभी का मान, सम्मान सुरक्षित है। साथ ही बीडीसी सदस्यों के मानदेय,विकास निधि देने की मांग भी सदन में उठाई। सपा एमएलसी ने आरपी निरंजन ने कहा कि ग्राम जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की बड़ी ताकत है। इसलिए गांव के विकास की ओर हमेशा प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ से बीडीसी सदस्यों के मानदेय, ग्राम विकास के लिए निधि देने की मांग की। इस दौरान दीपराज गुर्जर, हेमंत प्रजापति, अमर सिंह मास्टर, धर्मेंद्र सिंह, सुमन देवी, भानसिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)