कदौरा। थाना क्षेत्र के पथरेहटा गांव के लोगों ने एक खदान संचालक पर बांध बनाकर जल धारा मोड़कर फसल को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में पानी भरने से सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। इसका विरोध करने पर संचालक की तरफ से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में किसानों ने डीएम को पत्र देकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
शनिवार को किसानों ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इसमें खदान संचालक व ग्राम प्रधान पर नदी की जल धारा को मोड़कर खेत में लगी सब्जी की फसल में पानी भर देने का आरोप लगाया है। पानी कद्दू, लौकी, पालक, मेथी, धनिया आदि की फसल में भर गया। रामसनेही, प्रेमचंद, परमलाल, सेवला, रामप्रसाद, कंहैया, विनोद समेत तमाम किसानों ने बताया कि पिछले दिनों उन लोगों ने खदान संचालक के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत से गुस्साए खदान संचालक ने रातों रात नदी की जलधारा को मोड़ दिया। इससे उनके खेतों में पानी भर गया। इससे उनकी फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर मुआवजे व आरोपी खदान संचालक व ग्राम प्रधान पर कार्रवाई की मांग की है।