माधौगढ़। कभी बारदाना की कमी तो कभी उठान न होने से क्रय केंद्रों पर 24 ट्रैक्टर गेहूं से लदे खड़े है। तुलाई बंद होने से किसानों ने शनिवार की दोपहर शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि 15 जून से तुलाई बंद होनी है। टोकन होने के बाद भी एक हफ्ता बीत गया है पर गेहूं की तुलाई नहीं हुई है। एसडीएम सालिकराम का कहना है कि उच्चाधिकारियों से बात कर बोरी मंगवाकर शीघ्र तुलाई की जाएगी। कोशिश करेंगे कि मंडी में खड़े सभी किसानों के गेहूं की तुलाई की जाए।
बताते चलें कि मंडी परिसर पर पांच गेहूं क्रय केंद्र खोले गए। जिनमें क्रय विक्रय केंद्र प्रथम, द्वितीय, सहकारी संघ, आरएफसी, साधन सहकारी समिति अटागांव है। शासन ने टोकन के माध्यम से तुलाई करवाई। किसानों का आरोप है कि कभी बारदाना तो कभी उठान न होने का बात कह तुलाई नहीं की जा रही है। अचानक बरसात से गेहूं भीग गया है। तुलाई न होने से परेशान किसान पवन कुमार, हरीमोहन, लल्लूराम, अशोक, दीपक कुमार, परशुराम, सुखराम, श्यामबाबू आदि ने शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि एक सप्ताह से मंडी परिसर पर ट्रैक्टर लिए खड़े है। किसानों ने डीएम से मांग की है कि मंडी परिसर पर खड़े ट्रैक्टर में अलग से टोकन देकर तुलाई करवाई जाए।