किसान की माइनर में डूबने से मौत होने पर ग्रामीणों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : ORAI
एट। फसल में पानी लगा रहे किसान का पैर फिसलने से वह माइनर में गिर गया। जिसमें डूबकर उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद किसानों ने माइनर में शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को माइनर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एट थाना क्षेत्र के अकोड़ी बैरागढ़ निवासी उमाकांत वर्मा (35) बुधवार की दोपहर दो बजे फसल में पानी लगाने के लिए खेत पर गया था। खेत के पास निकले माइनर में उसका पैर फिसल गया। जिससे वह माइनर में गिरकर डूब गया और मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह दो भाई हैं। पिता की मौत के बाद से दोनों अलग-अलग रहकर अपने हिस्से की खेती करते है। पत्नी भी कई वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी। जिससे वह घर पर अकेला रहता था। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी। फिलहाल अभी तक कोई तहरीर नहीं आई हैं।