कोंच। विद्युत आपूर्ति न मिलने से सोमवार को आक्रोशित ग्राम तीतरा, धनौरा, लौना, कुंवरपुरा, गोरा, बस्ती, खैरागढ़, ब्यौना, खोहा, भेदपुरा, बिरौरा, गंगथरा, क्योलारी, रबा गांव के बड़ी संख्या में किसानों ने 33 बिजलीघर पर प्रदर्शन करने के बाद किसानों ने विधायक मूलचंद्र निरंजन से अपनी समस्या रखी थी। विधायक ने भी अधिशासी अभियंता से मोबाइल पर वार्ता कर समस्या समाधान करने के लिए कहा था। वहीं मंगलवार को एसडीओ कार्यालय पर एकत्रित हुए संविदा कर्मियों ने एसडीओ अनिरूद्ध कुमार मौर्य को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद प्रदर्शनकारी किसानों पर गालीगलौज करने, सब स्टेशन का गेट तोड़ने और ड्यूटी पर तैनात कर्मी सुरेंद्रपाल सिंह के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। कर्मियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कार्रवाई नहीं की गई तो सभी संविदा कर्मी सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने वाले कर्मियों में विद्युत कर्मचारी संघ के स्थानीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, महेंद्र, बलबीर, शिवराज, हरीसिंह, रवि, शादाब, राहुल, धीरज, सुनील आदि शामिल रहे। उधर, एसडीओ ने एसडीएम अंकुर कौशिक को पत्र सौंपकर कहा कि उक्त घटना के बाद आक्रोशित कर्मियों ने विद्युत कार्य करना बंद कर दिया था। जिससे उत्पन्न होने वाली समस्या को देखते हुए उन्होंने कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर फिलहाल उन्हें काम पर लौटा लिया है। एसडीओ ने बताया कि कर्मियों ने मारपीट में शामिल किसानों पर कार्रवाई किए जाने के लिए अगले 72 घंटे का समय दिया है। इसलिए कर्मियों को न्याय मिल सके। इसके लिए पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाए।
--------------
विभाग ने नलकूप की बिजली सप्लाई का शेड्यूल बनाया
कोंच। 33 केवी कोंच द्वितीय उपकेंद्र से निर्गत 11 केवी तीतरा फीडर पर नलकूपों की संख्या अधिक होने के चलते फीडर पर पर्याप्त वोल्टेज व सुचारु विद्युत आपूर्ति न मिलने पर फीडर के सभी गांवों को दो भागों में बांट दिया गया है। एसडीओ अनिरुद्ध कुमार मौर्या ने बताया कि इन दिनों खेतों में पलेवा कार्य होने के कारण पहले से ही ओवरलोड फीडर मौजूदा स्थिति में चलने में पूरी तरह असमर्थ हो चुका है जिसके निराकरण के लिए फीडर के सभी गांवों को दो भागों में बांटकर ऊपर से प्राप्त होने वाली विद्युत आपूर्ति जारी की जानी निर्धारित की गयी है। इस रोस्टर के तहत घरेलू विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होगी और एक समान आपूर्ति जारी रहेगी। सिर्फ नलकूप संचालन के लिए ही यह निर्धारित नया रोस्टर बुधवार सुबह 8 बजे से लागू होगा। एसडीओ ने बताया कि पहले दिन ग्राम लौना, कुंवरपुरा, गोरा, बस्ती, खैरागढ़, ब्यौना रियासत, तीतरा व दूसरे दिन ग्राम धनौरा, खोहा, क्योलारी और रवा में विद्युत आपूर्ति दी जाएगी।
------------
नलकूप संयोजन में लगवाएं कैपिस्टर बैंक
कोंच। एसडीओ अनिरुद्ध कुमार मौर्या व अवर अभियंता गौरव कुमार ने मंगलवार को नलकूप संयोजन धारकों से अपील की। कहा कि लो वोल्टेज, लाइन फाल्ट आदि की समस्या से निजात के लिए नलकूप संयोजन में अलग अलग केवी के हिसाब से कैपिस्टर बैंक (कंडेंसर) अवश्य लगवा लें। ताकि नलकूप संयोजन धारकों को उक्त समस्या से स्थाई निजात मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि नलकूप संयोजन प्राप्त करने के लिए होने वाले अनुबंध में भी कैपिस्टर बैंक अनिवार्य रूप से लगवाए जाने की शर्त निहित रहती है इसके बावजूद कहीं पर भी कैपिस्टर बैंक नहीं लगवाया गया है जो पूरी तरह अनुबंध की अवहेलना है।