उरई/मुहम्मदाबाद। जिले में डेंगू के दो नए केस आए हैं। इसके साथ ही डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। जिसमें एट में एक, कदौरा में एक-एक निकला है। मलेरिया निरीक्षक सुरेश नागर ने बताया कि अब तक 13 डेंगू मरीज मिले है। जिसमें एट में सात, उरई में दो, मुहम्मदाबाद में एक, कदौरा में एक, गढऱ में दो केस मिले है। इसमें उरई निवासी एक डेंगू पीड़ित एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है।
मुहम्मदबाद संवाद के अनुसार, डेंगू की रोकथाम को लेकर पीएचसी डकोर के स्वास्थ्य कर्मियों ने मुहम्मदाबाद में कैंप लगाकर सोलह लोगों के खून के नमूने लिए। 51 घरों की जांच की गई। जिसमें एक डेंगू का केस सामने आया है। मलेरिया विभाग के कर्मचारियों ने गांव में फागिंग और दवाओं का छिड़काव कराया। वायरल बुखार से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार, खांसी, सर्दी, जुकाम के सौ लोग ग्रसित हैं। पीएचसी डकोर की स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों का चेकअप किया। इस दौरान डेंगू के संदिग्ध लक्षणों को ध्यान में रखकर 16 ग्रामीणों के ब्लड सैंपल भी लिए। इन सैंपलों की जांच मेडिकल कालेज उरई में कराई गई। जिसमें एक युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। पीएचसी डकोर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी इदरीश मुहम्मद ने जिला मलेरिया विभाग के साथ मिलकर डेंगू वाले घर के आसपास फॉगिंग एवं लार्वासाइड आदि दवाओं का छिड़काव नालियों में कराया। लोगों को डेंगू के प्रति जागरूकता के लिए पंपलेट्स भी बांटे।
---------
गांव के रास्तों में पसरी गंदगी
मुहम्मदाबाद। डकोर क्षेत्र के कई गांवों में गंदगी पसरी है। गांव के पूरन बाबा, अब्बू खां के आसपास गंदगी से नाली और रास्ता एक हो गया है। यहां से निकलना ग्रामीणों के लिए मुश्किल भरा होता है। इस रास्ते पर पड़ा गंदगी का मलवा गांव में कई बीमारियों के पनपने की वजह बन सकता है। काफी समय से इस रास्ते पर सफाई नहीं हुई है।
-------------
कोरोना का कोई नया केस नहीं आया
उरई। रविवार को जिले में कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है। फिलहाल 10 सक्रिय केस है और सभी मरीज होम आइसोलेशन में है। जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 11566 कोरोना के मरीज मिले है। जिसमें 11355 ठीक हो चुके है। 201 की मौत हो चुकी है। रविवार को 535 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। (संवाद)