कोटरा। जीजा के यहां रह रहे युवक की गला रेतकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कई बिंदुओ पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ संतोष कुमार ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगी है। जल्द ही हत्यारोपियो को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।
बता दें कि कोटरा थाना क्षेत्र के बरसार में शनिवार की देर शाम जीजा के यहां रह रहे झांसी जनपद के बरुआ सागर निवासी हरिमोहन(36) की गला रेतकर हत्या कर शव को घर के बाहर बने शौचालय में फेंक दिया था। जब काफी देर युवक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश की थी। शौचालय के पास पहुंचने पर युवक का शव मिला था। परिजनों की सूचना पर एएसपी राकेश सिंह, सीओ संतोष कुमार, थानाध्यक्ष विनय दिवाकर फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार को मृतक के भाई हरिओम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि हरिमोहन तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और उसकी शादी भी नहीं हुई थी। अक्सर वह बरसार में अपने जीजा गजराज कौशिक के यहां रहता था।