मुम्मदाबाद। संदिग्ध हालात में युवक का शव गांव के बाहर बने कुएं में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने कुएं में शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को निकलवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी।
डकोर थाना क्षेत्र के बंधौली गांव निवासी रामदयाल के 28 वर्षीय पुत्र रामजीवन का शव बुधवार की शाम गांव के बाहर बने कुएं में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर परिजनों को सूचना दी। भाई मुन्ना ने आरोप लगाते हुए बताया कि खेती के चलते बुधवार की दोपहर खेत पर गांव के कुछ लोगों से विवाद होने के बाद मारपीट हो गई थी। इसके बाद शाम को भाई का शव कुएं में पड़े होने की जानकारी मिली। उसने गांव के ही कुछ लोगों पर भाई को मारने पीटने के बाद कुएं में फेंकने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी। खेती कर भरण पोषण करता था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं डकोर थानाध्यक्ष का फोन लगाकर जानकारी करनी चाही तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।