उरई। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव खेत पर लगे नीम के पेड़ से लटका मिला। सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो शव लटका देख होश उड़ गए। जानकारी पाकर परिजन और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या लग रही है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम रुपापुर निवासी अनिल कुमार (30) का शव बुधवार की सुबह गांव के बाहर खेत पर लगे नीम के पेड़ में लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक शराब का लती था। उसने दो दिन पहले शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट की थी। इस कारण पत्नी मायके चली गई थी। तब गुस्से में अनिल ने बाइक में आग भी लगा दी थी। इसके बाद से ही वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। मृतक तीन भाई है और उसके दो संतान है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार बैस का कहना है कि फिलहाल कोई आरोप प्रत्यारोप की बात सामने नहीं आई है। शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं है। लिहाजा मामला सुसाइड का ही लग रहा है। परिजनों से पूछताछ कर सुसाइड की वजह पता की जाएगी।