उरई/मुहम्मदाबाद। डीएम के निर्देश पर जिले भर में सीएमओ, एसीएमओ ने एसडीएम के साथ मिलकर स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं परखकर लोगों को कोरोना जांच कराने और टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बता दें कि गांवों में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग गांव की ओर ध्यान दे रहा है।
मुहम्मदाबाद संवाद के अनुसार, डकोर ब्लॉक के खरका, ऐर, मुहम्मदाबाद, डकोर, टिमरों, चिल्ली आदि गांव में एसडीएम सतेंद्र सिंह के नेतृत्व में डकोर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ इदरीश व कोतवाल अजय कुमार सिंह ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया।साथ ही वैक्सीन लगवाने के लिए भी कहा। मुहम्मदाबाद स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन लगाई गई। एसडीएम ने गांव में जाकर लोगों को वैक्सीन लगवने के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने की अपील की। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह भी निरीक्षण को पहुंची और उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाए। इस दौरान एएनएम पुष्पा सिंह, रेखा, कीर्ति गौतम, डॉ रश्मि गुप्ता आदि मौजूद रहे।
कोंच संवाद के अनुसार सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने नदीगांव ब्लॉक के कई वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया और अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। सीएमओ ने कुसमरा, बंगरा व कुठौंदा में वैक्सीनेशन केंद्रों का निरीक्षण कर वैक्सीन की जानकारी ली। कहा कि बगैर मास्क के किसी को भी केंद्र के अंदर न आने दें। निरीक्षण के दौरान नदीगांव सीएचसी प्रभारी डॉ देवेंद्र भिटौरिया, बीडीओ गौरव कुमार मौजूद रहे।