उरई। चलती बाइक से महिला गिर गई। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई। बाइक चालक महिला को लेकर जिला अस्पताल गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसके परिजनों को सूचना दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी महिला राजकुमारी (58) मजदूरी करती थी। सोमवार को जसवंत नामक व्यक्ति फसल की कटाई कराने के लिए उसे अपने साथ बाइक से ले गया था। देर शाम जब वह राजकुमारी को बाइक से उरई छोड़ने आ रहा था। तभी कोतवाली क्षेत्र के करमेर रोड ओवरब्रिज के पास वह चलती बाइक से गिर गई। बेटे अशोक ने उक्त युवक पर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि जसवंत शराब पीकर बाइक चला रहा था। इसकी वजह से बाइक असंतुलित होने के कारण मां सड़क पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। पति घासीराम सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
-----------------------------
फोटो-20 रामफल (फाइल फोटो)।
फोटो-21 - घर के बाहर गमगीन बैठी महिलाएं
वाहन की टक्कर से युवक की मौत
छत्तीसगढ़ के रायपुर में पानीपूरी बेचता था मृतक युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
माधौगढ़। छत्तीसगढ़ के रायपुर में सड़क दुर्घटना में जिले के माधौगढ़ क्षेत्र के युवक की मौत हो गई। मंगलवार को युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के वोहरा गांव निवासी किसान लक्ष्मीकांत का 20 वर्षीय पुत्र रामफल छत्तीसगढ़ के रायपुर में रहकर पानीपूरी का धंधा करता था। रविवार की शाम रायपुर में पानीपूरी बेचते समय वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। युवक की मौत की सूचना पाकर परिजन रायपुर गए थे। मंगलवार का युवक का शव गांव पहुंचा। मां मुन्नीदेवी, भाई रविकांत सहित अन्य परिजन बेहाल हो गए।
-------------------
कोटेदार से मारपीट, शिकायत
उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र के मालपुर गांव निवासी कोटेदार चंद्रपाल सिंह ने एसपी को शिकायती पत्र दिया। बताया कि 15 मार्च को वह सरकारी खाद्यान्न का वितरण कर रहा था। तभी गांव निवासी दो लोग शराब के नशे में आ गए और राशन की मांग करने लगे। उसने सर्वर न आने पर कुछ देर बाद राशन देने की बात कही। उक्त लोगों ने वहां रखा रजिस्टर फाड़ते हुए गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी से आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। (संवाद)
-----------------------
शराब समेत गिरफ्तार
उरई। कालपी कोतवाली के उपनिरीक्षक शफीक अहमद ने लंगरपुर जाने वाली सड़क पर खड़े अजय निवासी राजघाट थाना कालपी को पकड़ लिया। तलाशी में पुलिस को उसके पास से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। उस पर आबकारी एक्ट की कार्रवाई की गई। (संवाद)
-------------------
चार लोगों ने युवक को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर निवासी अजय कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 14 मार्च को रामराजा पैलेस उरई के पास विनोद गौतम निवासी शांतिनगर उरई व उसके तीन साथियों ने मिलकर गाली गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों पर मारपीट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)
------------------
युवक के साथ की मारपीट
उरई। रेढर थाना क्षेत्र के क्योलारी गांव निवासी कृष्णपाल सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि रविवार की दोपहर वह गांव स्थित एक दुकान पर बैठा था। तभी वहां पर सोनू और चतुर सिंह आए और चेहरे पर पिसी मिर्च लगा दी। विरोध किया तो उन लोगों ने लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद उक्त लोग गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)
-----------------
----------------
महिला ने एसडीएम से की शिकायत
माधौगढ़। ऊमरी कस्बा निवासी महिला शशि सेंगर ने एसडीएम माधौगढ़ पुष्कर नाथ चौधरी को शिकायती पत्र दिया। बताया कि जेठ उसके हिस्से की फसल काट रहे हैं। जानकारी होने पर विरोध किया। इस पर जेठ मारपीट पर आमादा हो गए। महिला ने एसडीएम से मांग की है कि जेठ पर कार्रवाई कर उनके हिस्से की फसल काटने से रोकी जाए। एसडीएम ने इसकी जांच तहसीलदार को सौप दी है। (संवाद)
--------------------
जेठ ने कमरे पर किया कब्जा, शिकायत
माधौगढ़। कोतवाली क्षेत्र के सुरपतपुरा निवासी शीला देवी ने सीओ राहुल पांडेय को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि वह बच्चों के साथ माधौगढ़ में रहती है। गांव में जेठ-जेठानी, उनके पुत्र व पुत्रवधू ने उसके कमरे का ताला तोड़ दिया। वहां पर कमरा बनाना शुरू कर दिया है। जानकारी होने पर शिकायत कोतवाली में की। कोतवाली पुलिस ने डरा-धमकाकर उससे कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। इस पर सीओ ने कोतवाल को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट मांगी है। (संवाद)
-----------------