आटा। हाईवे पर टमाटर लेकर जा रही डीसीएम को ट्राला ने टक्कर मार दी। जिसमें डीसीएम पलट गई और उसमें लदे टमाटर भी सड़क पर फैल गए। घायल डीसीएम चालक आई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, ग्रामीणों ने सड़क पर फैले टमाटर भी बटोरे। इस कारण यातायात भी बाधित रहा। पुलिस का कहना है कि घायल के परिजनों को सूचना कर दी गई है।
डीसीएम चालक लखीमपुर खीरी निवासी सैफ शिवपुरी से टमाटर लादकर शुक्रवार की रात करीब 3 बजे लखीमपुर खीरी ले जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर चमारी नाला के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे ट्राला ने डीसीएम में टक्कर मार दी। जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। उस पर लदा हुआ टमाटर भी सड़क पर फैल गया और डीसीएम भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को तत्काल ही अस्पताल भेजा। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की आंख खुली तो वे महंगे टमाटर बिखरे पड़े देख उसे ले जाने लगे। जिससे यातायात बाधित होने लगा तो पुलिस दोबारा पहुंची और ग्रामीणों को हाईवे से हटाया।