कदौरा (जालौन)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा गर्भपात के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग करने का आरोप लगाकर तीमारदारों ने परिसर पर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंचे चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मी पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तब तीमारदार शांत हुए। चिकित्साधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
शनिवार को थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी कौशल्या अपने पति धीरेंद्र व ससुर के साथ स्वास्थ्य केंद्र में आई। जहां पर उससे दो माह का गर्भ में पल रहा बच्चा खराब होने पर डाक्टर ने गर्भपात कराने को कहा। परिजनों का आरोप है कि जब वह ओपीडी गए तो यहां तैनात कुछ स्वास्थ्य कर्मियों ने उनसे 1500 रुपये की मांग की। न देने पर उसे रेफर करने की धमकी दी गई।
इससे परिजन स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पाकर पहुंचे चिकित्साधिकारी अशोक चक्र ने सुविधा शुल्क मांगने वाले स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। चिकित्साधिकारी अशोक चक्र ने बताया कि परिजनों से बातचीत की, लेकिन मौके पर मौजूद स्टाफ में वह किसी कर्मचारी को नहीं पहचान सके। उनका आरोप है कि किसी कर्मी ने उनसे पैसों की मांग की थी। जिसको लेकर जांच के आदेश दे दिए गए है। जांच के बाद जो भी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।