पुलिस छात्र छात्राओं को समझाती
- फोटो : ORAI
आटा(उरई)। अर्द्धवार्षिक परीक्षा में न बैठने देने पर एक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया। पहले कॉलेज गेट पर नारेबाजी की, इसके बाद आटा-इटौरा चौराहे पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर सीओ, एसडीएम व चार थानों की पुलिस पहुंची। आश्वासन देकर शांत कराया गया।
अकबरपुर इटौरा इंटर कॉलेज के कई छात्र, छात्राओं को बुधवार सुबह फीस जमा न होने का हवाला देकर परीक्षा से रोक दिया गया। इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने पहले कॉलेज गेट पर नारेबाजी की।
इसके बाद आटा-इटौरा चौराहे पर जाम लगा दिया। वहीं बैठकर नारेबाजी करने लगे। छात्र-छात्राओं के जाम लगाने की सूचना पर सीओ कालपी राम सिंह, एसडीएम केके सिंह, आटा, कदौरा, चुर्खी व कालपी थाने की पुलिस पहुंची।
आक्रोशित छात्रों को समझाने का प्रयास किया। वे किसी तरह मानने को तैयार नहीं थे। एसडीएम ने समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया।
जाम खत्म करने पर छात्र-छात्राओं को परीक्षा में बैठाया गया। करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
छात्र-छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन उनसे मनमानी फीस वसूल रहे हैं।
वहीं विद्यालय प्रबंधक वीरेंद्र पांडेय का कहना है कि विद्यालय के निजी शिक्षकों को वेतन देना पड़ता है।
फिर भी हम लोग विद्यार्थियों की आर्थिक स्थिति देखकर ही फीस लेते हैं। अभिभावकों को काफी समय से फीस जमा करने के लिए कहा जा रहा था।