उरई। जालौन कोतवाली पुलिस ने 20 लीटर पिपरमेंट तेल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोरों का खुलासा एसपी ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में किया।
पुलिस कार्यालय में एसपी डा.सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जालौन कोतवाली क्षेत्र के धनौराकलां निवासी अनिल प्रताप सिंह पुत्र नत्थू सिंह की तहरीर पर पिपरमेंट तेल चोरी हो जाने का मामला दर्ज किया गया था। जालौन कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ कोतवाली क्षेत्र के कैथ जाने वाले मार्ग पर नहर पुलिया के पास से सोमवार सुबह आठ बजे विवेक गुर्जर पुत्र हरपाल सिंह व देवसिंह पटेल पुत्र नत्थू सिंह निवासी धनौराकलां को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गया 20 लीटर पिपरमेंट का तेल बरामद कर लिया। जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
चोरों ने पुलिस को बताया कि उनका एक साथी सोनू है। हम तीनों लोगों ने तेल चोरी कर बेच दिया था और रुपये आपस में बांट लिए थे। पकड़े गए चोरों को पुलिस ने जेल भेज दिया। तीसरे चोर की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक स्वामीनाथ पांडेय, शफीक अहमद, गंगाप्रसाद, सिपाही लवकुश कुमार, मनोज कुमार दीक्षित, सतीश यादव आदि रहे।