जालौन। चुर्खी मार्ग पर बालाजी मंदिर के पास स्थित जल संस्थान के ट्यूबवेल की मोटर शुक्रवार को देर शाम खराब हो गई। मोटर खराब होने के कारण आधा दर्जन मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी में ट्यूबवेल बंद होने से उपभोक्ताओं को पेयजल की परेशानी हुई।
जल संस्थान का नलकूप चुर्खी मार्ग पर बालाजी मंदिर चौराहे के पास स्थित है। चौराहे पर बने ट्यूबवेल की मोटर शुक्रवार को देर शाम खराब हो गई थी। मोटर खराब होने के कारण मोहल्ला जोशियाना, दबगरान, हरीपुरा, फर्दनवीस, चुर्खीबाल, भवानीराम व चुर्खी रोड के घरों की पानी की आपूर्ति ठप हो गई। ट्यूबवेल बंद होने की जानकारी होने पर ठेकेदार ने शनिवार की सुबह मैकेनिक को मौके पर पहुंचाया। मोटर खोलने के बाद पता चला कि मोटर जल गई है। मोटर को ठीक कराने के लिए जनपद मुख्यालय भेजा गया।
जल संस्थान के पास एडवांस स्टोर में मोटर न होने के शनिवार की सुबह जलापूर्ति नहीं हो सकी। गर्मी के मौसम जलापूर्ति बंद होने के आधा दर्जन से अधिक मोहल्ले के लोग पानी के लिए परेशान हो गए। जेई आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि मोटर खराब हो गई है। उसे मरम्मत के लिए भेजा गया है। रात तक मोटर ठीक होकर आने की उम्मीद है, जिसके बाद जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी। संवाद