फोटो - 08 हाईवे पर पलटा सोयाबीन से लदा ट्रक। संवाद
आटा। ललितपुर से कानपुर मंडी जा रहा सोयाबीन से भरा ट्रक सोमवार को अनियंत्रित होकर हाईवे स्थित चमारी नाले पर पलट गया। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सड़क पर सोयाबीन की बोरियां फैलने से करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
आटा थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित चमारी नाला पर सोमवार की सुबह करीब 9 बजे ललितपुर जनपद के ग्राम मडोरा निवासी ट्रक चालक कोमल (35), हेल्पर पुरुषोत्तम (40) व साथी महरौनी निवासी करन (30) के साथ ललितपुर मंडी से सोयाबीन की बोरियां लादकर कानपुर देहात के रनियां जा रहा था। जैसे ही ट्रक आटा थाना क्षेत्र के चमारी नाले के पास पहुंचा, तभी चालक को झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक में लदी सोयाबीन की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सवार तीनों लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। ट्रक और बोरी सड़कों पर फैलने से करीब 30 मिनट तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने संकट मोचन से चमारी तक हाईवे को वन-वे कर वाहनों का आवागमन चालू रखा। बाद में क्रेन बुलाकर ट्रक को किनारे कराया गया और सड़क से सोयाबीन की बोरियां हटवाई गईं। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हुआ।