मुहम्मदाबाद। डकोर कस्बे में बस स्टैंड के पास रखा ट्रांसफार्मर चार दिन से फुंका पड़ा है जिसके कारण आधा गांव अंधेरे में डूबा है। इस गांव में कई दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद काफी मशक्कत के बाद बदला गया पर यह ट्रांसफार्मर सिर्फ दो दिन चला और दगा दे गया। अब चार दिन से आधे गांव में अंधेरा है।
तकरीबन 15 हजार की आबादी वाला डकोर गांव बिजली विभाग की लापरवाही का शिकार बना हुआ है। कड़ाके की सर्दी होने की वजह से अंधेरे में चोरी होने जैसी घटनाओं का भी गांव में लोगों को भय सता रहा है लेकिन इस ओर किसी अधिकारी की नजर नहीं जा रही हैं। ग्रामीण कुलदीप, अमन तिवारी, राजेंद्र, लक्ष्मीकांत, अंकित, मनीष आदि का कहना है कि लाइट न आने से इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे है। बिजली विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है। बिजली विभाग के जेई जगदीश वर्मा का कहना है कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवाया जाएगा। इसके अलावा ज्यादा पावर का ट्रांसफार्मर रखवाया जाएगा।
ट्रांसफार्मर बदला, शुरू हुई सप्लाई
आटा। कस्बे में पिछले चार दिन से फुंका ट्रांसफार्मर शुक्रवार शाम बदला गया। जिससे बिजली की समस्या से जूूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिली। बता दें कि कस्बा में 31 दिसंबर की रात को रखा ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिससे कस्बे में अंधेरा छा गया था। ट्रांसफार्मर खराब होते ही मामले की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन बिजली विभाग ने लापरवाही दिखाते हुए तीन दिन ट्रांसफार्मर बदला, लेकिन कुछ ही घंटे बाद यह ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए बिजली विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार शाम को दूसरा ट्रांसफार्मर रखवा दिया। जिससे ग्रामीणों को बिजली पानी की समस्या से राहत मिली।