अजनारी रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी ट्रेन
- फोटो : ORAI
उरई। झांसी कानपुर रेलमार्ग पर शुक्रवार को उरई स्टेशन के होम सिग्नल फेल हो गए। इस कारण झांसी से आने वाली मुंबई छपरा जनसाधारण एक्सप्रेस (15102) अजनारी रोड रेलवे क्रासिंग नंबर 181 पर आधे घंटे खड़ी रही। इसके चलते रेल यातायात के साथ सड़क मार्ग भी प्रभावित हुआ। सिग्नल फेल होने के कारण एक मालगाड़ी को भुआ स्टेशन पर भी रोका गया।
शुक्रवार की दोपहर 1.18 बजे जब मुंबई छपरा जनसाधारण एक्सप्रेस भुआ उरई सेक्शन से गुजर रही थी। तभी उरई स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस पीके निरंजन ने जैसे ही सिग्नल दिए तो झांसी की ओर आने वाली ट्रेनों के सिग्नल फेल हो गए। इसके चलते ट्रेन अजनारी रोड रेलवे क्रासिंग पर जनसाधारण एक्सप्रेस 1.21 बजे से 1.51 बजे तक खड़ी रही। चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद डिप्टी एसएस ने कर्मचारी को भेजकर मेमो दिया। तब जाकर ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई। उधर, सिग्नल फेल होने के कारण अजनारी रोड क्रांसिंग पर दोनों ओर वाहन चालकों और राहगीरों की कतारें लग गई। कई पैदल चलने वाले राहगीरों ने तो ट्रेन के अंदर से निकलकर क्रासिंग पार की। सिग्नल विभाग के कर्मचारियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद सिग्नल ठीक किए। करीब तीन बजे यातायात सामान्य हो सका।