एट (उरई)। सतोह गांव में सोमवार को पड़ोसियों की प्रताड़ना से तंग वृद्ध ने कमरे में फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। उसके शव के पास ही पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि पड़ोसी उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। उसका चबूतरा नहीं बनने दे रहे हैं। विरोध करने पर जूते से पिटवाने की धमकी देते हैं। उसकी मौत के जिम्मेदार चार लोग हैं। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एट थाना क्षेत्र के सतोह गांव निवासी रामबली पटेल (62) ने सोमवार की दोपहर घर के कमरे में लगे हुक से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है। इसमें जो लोग उसे परेशान कर रहे थे, उनके नाम लिखे हैं। सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी दी। बेटे अजय पटेल ने बताया कि उसके पिता किसानी करते थे। पिता ने बीस वर्ष पहले गांव के ही रसूल खां से प्लाट लिया था। अब मकान का निर्माण करा रहे हैं। वहीं, पड़ोसी उदय करन उनकी पत्नी ऊषा देवी, पुत्र श्रवण कुमार उर्फ रानू व चंद्र प्रकाश आए दिन पिता को परेशान करते थे। पांच दिन पहले उन्होंने उनके चबूतरा बनाने वाले स्थान पर ईंटें व लकड़ियां रख दीं। पिता ने विरोध किया तो पूरा घर उन्हें मारने पर उतारू हो गया। रविवार को भी यह लोग उसके घर के पास सामान डाल रहे थे। पिता ने जब विरोध किया तो इन लोगों गाली-गलौज की और जूते मरवाने की बात कही। यह बात उनके पिता लग गई और उन्होंने सोमवार दोपहर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे अजय की तहरीर पर पुलिस ने उदयकरन, ऊषा देवी, श्रवण कुमार उर्फ रानू व चंद्र प्रकाश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
-
मरने के बाद तेरहवीं नहीं करना कन्या खिला देना
रामबली ने आत्महत्या से पहले आधार कार्ड की फोटोकॉपी वाले कागज पर सुसाइड नोट लिखा है। इसमें उसने लिखा कि मैंने कभी झगड़ा नहीं किया है। न ही मेरे खिलाफ कोई रिपोर्ट है। मेरे मरने के बाद तेरहवीं नहीं करना कन्या खिला देना। पुलिस ने सुसाइड नोट लेकर जांच शुरू कर दी है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि रामबली सीधा सादा व्यक्ति था। उसका कभी किसी से कोई विवाद नहीं होता था। पड़ोसी उससे विवाद करते भी थे, तो वह अंदर जाकर दरवाजे बंद कर लेता था।
वर्जन
रामबली के बेटे अजय की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जांच की जा रही है।
परमेश्वर प्रसाद, सीओ कोंच