आटा। मोबाइल लूटने वाले तीन लुटेरों को आटा पुलिस ने पकड़ा है। इनके पास से लूट का मोबाइल भी बरामद किया गया है। थाना प्रभारी शिवगोपाल ने बताया कि तीनों शातिर लुटेरे हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी पता किया जा रहा है। तीनों ने चाकू के बल पर क्षेत्र में मोबाइल लूट की थी।
बुधवार को इटौरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के पास गंगोतम नाम के युवक से बाइक सवार तीन लड़कों ने चाकू दिखाकर उसका कीमती मोबाइल लूट लिया था। घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई इटौरा चौकी पुलिस ने पीछा करते हुए दो लुटेरों अविनाश और उसके एक नाबालिग साथी को पकड़ लिया था, जबकि तीसरा आरोपी इंतजार खान फरार हो गया था।
सटीक सूचना पर गुरुवार की रात को इटौरा के पुराने चौराहे के पास से पुलिस ने इंताजर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लुटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू भी बरामद कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों पहले ही मोबाइल लूट की वारदातें कर चुके हैं। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल दिया है।