पुलिस गिरफ्त में आरोपी सगे भाई।
- फोटो : संवाद
कालपी। उधार सामान न देने विवाद में हुए पथराव में दसवीं के छात्र की मौत हो गई थी। छात्र के पिता की तहरीर पर तीन भाइयों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर गुढ़ा गांव में 31 जनवरी को दो पक्षों में विवाद हो गया था। जिसमें उमाकांत ने शराब के नशे में छत से पथराव कर दिया था। इससे एक पत्थर जयपाल निषाद के पुत्र बृजभान (16) को लग गया था। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने शेखपुर गुढ़ा गांव निवासी उमाकांत निषाद, देशराज व राकेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए थे।
सोमवार को कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान महेवा तिराहे से उमाकांत निषाद और उसके भाइयों देशराज निषाद व राकेश को हरीगंज तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में उमाकांत ने बताया कि वह बृजभान की दुकान पर सामान लेेने गया था। उसने उधार सामान देने से मना कर दिया था। इससे आक्रोश में आकर देशराज व राकेश के साथ मिलकर दुकान का सामान फेंक दिया था। इसके बाद हुए विवाद में पत्थर फेंककर बृजभान को मार दिया था। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।