उरई। उरई रेलवे स्टेशन में रविवार रात आठ बजे बिजली सप्लाई में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते स्टेशन की बिजली गुल हो गई। जब बिजली गई, तब अहमदाबाद से बनारस जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी थी। अंधेरा होने पर यात्री हंगामा करने लगे। कुछ यात्रियों ने कोच डिस्प्ले की रोशनी के सहारे तो कुछ मोबाइल की टार्च जलाकर बाहर निकले।
रविवार की रात उरई स्टेशन परिसर स्थित इलेक्ट्रिक पैनल में तकनीकी खराबी आ गई। इसकी वजह से प्लेटफार्म नंबर एक की बिजली गुल हो गई। उस समय अहमदाबाद से बनारस की ओर जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस 19167 खड़ी थी। बिजली गुल होने पर यात्रियों ने हो हल्ला शुरू कर दिया। इसके बाद सरसोकी कोंच एट शटल भी अंधेरे में ही गुजर गई।
इसके बाद मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस 22538 भी रात नौ बजकर 50 मिनट पर आ गई, लेकिन प्लेटफार्म पर अंधेरा होने के कारण कोच डिस्प्ले और मोबाइल की रोशनी के सहारे यात्री बाहर निकले। इसके बाद परिचालन विभाग के कर्मचारियों ने रेलवे के इलेक्ट्रिकल विभाग को मामले से अवगत कराया। जांच के दौरान पता चला कि इलेक्ट्रिक पैनल के एमसीवी में खराबी आ गई थी।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर मोहित शुक्ला ने बताया कि रेलवे में अलग-अलग ऑफिस और प्लेटफार्म के लिए अलग-अलग सिस्टम से सप्लाई दी जा रही है। परिचालन विभाग की ओर से उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं दी गई थी। जैसे ही जानकारी मिली, कर्मचारियों को भेजकर समस्या दूर कराई गई। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे ने बताया कि दो घंटे बिजली सप्लाई के दौरान समय से अवगत क्यों नहीं कराया गया, इस बारे में पता करेंगे।