कोंच। नगर के पुराने 33 केवी पावर हाउस की सेकेंड फीडर की बीसीबी मशीन में अचानक ब्लास्ट हो गया। जिससे आधा कोंच कस्बा, जालौन व उरई फीडर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली चले जाने से लोग गर्मी की तपिश से परेशान हो उठे। अधिकारियों का कहना है कि करीब चार से पांच घंटे में सप्लाई शुरू हो सकेगी। लाइन में फाल्ट होने से मशीन जली है।
नगर के उरई रोड नहर स्थित पावर हाउस के द्वितीय फीडर पर लगी बीसीबी मशीन में सोमवार की शाम करीब पांच बजे तेज धमाका हो गया। इससे फीडर की कुछ लाइनें जलकर राख हो गईं। ब्लास्ट होने से कोंच के तीन फीडर के अलावा जालौन और उरई फीडर की सप्लाई बाधित हो गई। बिजली चले जाने से करीब पचास हजार की आबादी अंधेरे में डूब गई। शाम को जो लोग बाजारों की तरफ गए थे, वह अंधेंरे में फंस गए।
घरों में बिजली न आने से लोग गर्मी के चलते परेशान हो उठे। लोगों ने बताया कि घरों में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी, पता चला कि ब्लास्ट हो गया। अब बिजली कब आएगी, कोई जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसओ रघुनंदन ने विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद एसडीओ रविंद्र कुमार और जेई अमन पांडे मौके पर पहुंचे और मशीन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। जेई अमन पांडे ने बताया कि कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं और आपूर्ति बहाल करने में लगभग चार से पांच घंटे का समय लग सकता है।